(suryanshtimes balaghat)मुख्यमंत्री जन-विश्वास अभियान के तहत बिनोरा, चिखला और खारा पहुंचे अधिकारी

मुख्यमंत्री जन-विश्वास अभियान-2026 के अंतर्गत जिला सहकारी केंद्रीय बैंक मर्यादित बालाघाट से संबद्ध बी-पैक्स बिनोरा, चिखला एवं खारा का 7 अगस्त को सीईओ जेएसके बैंक बालाघाट श्री अभिनव सिंह बघेल एवं उपायुक्त सहकारिता श्री राजेश उइके ने निरीक्षण किया।

निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने बी-पैक्स कार्यालयों में पहुंचकर समिति कर्मचारियों को निर्देश दिए कि किसानों के फसल बीमा का कार्य नियमानुसार एवं समय-सीमा में पूर्ण किया जाए, ताकि किसानों को फसल बीमा योजना का लाभ मिल सके। उन्होंने प्रदेश स्तर पर संचालित नवीन सदस्यता अभियान के तहत पात्र नए सदस्यों की पहचान कर उन्हें समिति की सदस्यता दिलाने के निर्देश दिए। इससे सदस्यों को समितियों के माध्यम से मिलने वाली शून्य प्रतिशत ब्याज दर पर ऋण सहित अन्य आवश्यक सुविधाओं का लाभ मिल सकेगा।

खाद गोदामों में स्टॉक का किया भौतिक सत्यापन

निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने बी-पैक्स के अंतर्गत संचालित खाद गोदामों का भी निरीक्षण किया। उपलब्ध रासायनिक खाद एवं स्टॉक का भौतिक मिलान किया गया। अधिकारियों के अनुसार भौतिक सत्यापन के दौरान खाद स्टॉक की स्थिति संतोषजनक पाई गई। समितियों के कर्मचारियों के वेतन भुगतान की व्यवस्था की भी जानकारी ली गई। इस दौरान अधिकारियों ने कर्मचारियों के बैंक खाते शाखा स्तर पर खोले जाने के निर्देश दिए, ताकि वेतन भुगतान में पारदर्शिता बनी रहे।

सीएम हेल्पलाइन शिकायतकर्ताओं से की चर्चा

बी-पैक्स बिनोरा एवं चिखला में सीएम हेल्पलाइन से संबंधित शिकायतों के निराकरण के लिए शिकायतकर्ताओं को बुलाकर उनसे चर्चा की गई। अधिकारियों ने संबंधित शिकायतों की जानकारी लेकर आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए। इस अवसर पर लुरेन्द्र पारधी, गुलाब टेंभरे, दिलीप नगपुरे सहित संबंधित समिति के कर्मचारी उपस्थित रहे।

उपायुक्त सहकारिता श्री राजेश उइके एवं सीईओ जेएसके बैंक श्री अभिनव सिंह बघेल ने संयुक्त रूप से बताया कि मुख्यमंत्री जन-विश्वास अभियान का आयोजन 7 अगस्त 2026 से 8 जनवरी 2027 तक किया जा रहा है। अभियान के अंतर्गत सहकारिता विभाग एवं जिला सहकारी केंद्रीय बैंक के अधिकारियों द्वारा बी-पैक्स समितियों का निरंतर निरीक्षण किया जाएगा। उन्होंने कहा कि निरीक्षण के दौरान यदि किसी समिति में अनियमितता पाई जाती है तो संबंधित के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *