मध्यप्रदेश राज्य सहकारी बैंक मर्यादित (अपेक्स बैंक) भोपाल के प्रशासक एवं अध्यक्ष श्री महेंद्र सिंह यादव ने 12 जून को जबलपुर प्रवास के दौरान जबलपुर संभाग के जिला सहकारी केंद्रीय बैंकों के अधिकारियों की संभागीय समीक्षा बैठक ली। बैठक में बैंकिंग कार्यों, विभिन्न योजनाओं की प्रगति, प्रशासनिक व्यवस्थाओं तथा सहकारिता क्षेत्र से जुड़े महत्वपूर्ण विषयों की विस्तारपूर्वक समीक्षा की गई।


बैठक के दौरान श्री यादव ने बैंकों द्वारा संचालित विभिन्न योजनाओं के क्रियान्वयन, ऋण वितरण, वित्तीय प्रबंधन, किसान हितैषी योजनाओं तथा बैंकिंग सेवाओं की प्रगति की जानकारी प्राप्त की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सहकारी बैंकों के माध्यम से किसानों, खाताधारकों एवं ग्रामीण क्षेत्रों के नागरिकों को गुणवत्तापूर्ण और समयबद्ध सेवाएं उपलब्ध कराई जाएं।
अपने संबोधन में अपेक्स बैंक अध्यक्ष श्री महेंद्र सिंह यादव ने कहा कि सहकारिता क्षेत्र ग्रामीण अर्थव्यवस्था की मजबूत आधारशिला है। इसे और अधिक सुदृढ़, पारदर्शी तथा जनहितैषी बनाने के लिए निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि किसानों, खाताधारकों एवं आम नागरिकों को बेहतर बैंकिंग सुविधाएं उपलब्ध कराना सहकारी बैंकों की सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए।
बैठक के उपरांत श्री यादव ने बैंक का निरीक्षण भी किया तथा बैंक की कार्यप्रणाली, सेवा गुणवत्ता, ग्राहक सुविधाओं एवं वित्तीय गतिविधियों का अवलोकन किया। उन्होंने बैंक अधिकारियों से संवाद कर कार्यों की प्रगति की जानकारी ली और आवश्यक दिशा-निर्देश प्रदान किए। इस अवसर पर अपेक्स बैंक भोपाल के विशेष कर्तव्यस्थ अधिकारी श्री आर.सी. पटले, संभागीय अधिकारी जबलपुर संभाग, संयुक्त आयुक्त सहकारिता जबलपुर संभाग सहित विभिन्न जिला सहकारी केंद्रीय बैंकों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। बैठक में जिला सहकारी केंद्रीय बैंक मर्यादित बालाघाट के मुख्य कार्यपालन अधिकारी (सीईओ) श्री अभिनव सिंह बघेल ने भी सहभागिता करते हुए बैंक की गतिविधियों एवं उपलब्धियों की जानकारी प्रस्तुत की।
बैठक में सहकारी बैंकों की कार्यक्षमता बढ़ाने, वित्तीय अनुशासन को मजबूत करने, डिजिटल बैंकिंग सेवाओं के विस्तार तथा किसानों एवं खाताधारकों को अधिक प्रभावी सेवाएं उपलब्ध कराने पर विशेष चर्चा की गई। सहकारिता क्षेत्र के विकास एवं बैंकिंग सेवाओं की गुणवत्ता में सुधार के उद्देश्य से आयोजित यह संभागीय समीक्षा बैठक महत्वपूर्ण रही, जिसमें भविष्य की कार्ययोजना एवं विभिन्न योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन पर जोर दिया गया।
