(suryansh times lamta charegoan)बालाघाट जिले के लामता क्षेत्र के ग्राम नेवरगांव (चरेगांव) में संचालित आई.पी.एस. नर्सरी एजुकेशन स्कूल को लेकर गंभीर अनियमितताओं की शिकायत सामने आई है। जनपद सदस्य महेन्द्र पटेल द्वारा संबंधित अधिकारियों को लिखित शिकायत भेजकर स्कूल संचालन की जांच कराने की मांग की गई है।
शिकायत पत्र में बताया गया है कि ग्राम नेवरगांव में संचालित आई.पी.एस. नर्सरी एजुकेशन स्कूल (रूद्र प्रताप सिंह शिक्षा समिति) के संचालन में कई नियमों की अनदेखी की जा रही है। आरोप है कि स्कूल प्रबंधन द्वारा जिस स्थान पर स्कूल संचालन की अनुमति ली गई थी, उसके बजाय किसी अन्य स्थान पर विद्यालय का संचालन किया जा रहा है।
इसके अलावा स्कूल आने-जाने वाले छोटे बच्चों को लाने-ले जाने के लिए जिस वाहन का उपयोग किया जा रहा है, उसमें परिवहन संबंधी नियमों का पालन नहीं किया जा रहा है। वाहन बिना उचित अनुमति के संचालित होने की भी बात शिकायत में कही गई है, जिससे बच्चों की सुरक्षा को खतरा बना हुआ है।
शिकायत में यह भी उल्लेख किया गया है कि स्कूल का संचालन प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत बनाए गए आवास में किया जा रहा है, जो नियमों के विरुद्ध है। वहीं जिस स्थान पर स्कूल चलाया जा रहा है उसके पास पानी से भरा तालाब भी मौजूद है, जिससे कभी भी दुर्घटना की आशंका बनी रहती है।
इतना ही नहीं, स्कूल के पास मोबाइल टॉवर लगा होने से निकलने वाली किरणों से बच्चों को नुकसान होने की संभावना भी जताई गई है। साथ ही यह भी आरोप लगाया गया है कि स्कूल में पढ़ाने वाले बच्चों को देखरेख के लिए जो स्टाफ नियुक्त किया गया है, वह पूरी तरह प्रशिक्षित नहीं है।
इन सभी बिंदुओं को गंभीर बताते हुए जनपद सदस्य ने स्कूल प्रबंधन द्वारा बरती जा रही अनियमितताओं की जांच कराने और नियम विरुद्ध संचालित हो रहे स्कूल के खिलाफ उचित कार्रवाई करने की मांग की है, ताकि बच्चों की सुरक्षा और भविष्य सुरक्षित रह सके।
शिकायत की प्रतिलिपि मध्यप्रदेश शासन के प्रभारी मंत्री, मध्यप्रदेश मानव अधिकार आयोग, कलेक्टर बालाघाट, पुलिस अधीक्षक तथा जिला शिक्षा अधिकारी को भी भेजी गई है। अब देखना होगा कि प्रशासन इस मामले में क्या कदम उठाता है।


