पीएम श्री विद्यालय अमेड़ा में सेवा संकल्प अभियान के तहत चित्रकला व भाषण प्रतियोगिता
‘मेरे सपनों का भारत’ और ‘विकसित भारत’ की परिकल्पना को विद्यार्थियों ने रंगों व विचारों में उतारा
अमेड़ा। देशभर में चल रहे ‘सेवा संकल्प अभियान’ के तहत स्थानीय पीएम श्री विद्यालय अमेड़ा में छात्र-छात्राओं के लिए चित्रकला एवं भाषण प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों को राष्ट्रीय संकल्पों से जोड़ने के साथ उनमें रचनात्मकता, देशभक्ति और राष्ट्र निर्माण की भावना विकसित करना रहा। आयोजन में विद्यालय स्टाफ सहित प्रबुद्धजनों की सक्रिय सहभागिता रही।
चित्रकला प्रतियोगिता में विद्यार्थियों ने ‘मेरे सपनों का भारत’ एवं ‘विकसित भारत’ विषय पर अपनी कल्पनाओं को रंगों के माध्यम से कागज पर उकेरा। विद्यार्थियों ने स्वच्छ, समृद्ध, आत्मनिर्भर एवं सशक्त भारत की परिकल्पना को अपनी चित्रकारी के माध्यम से प्रस्तुत किया। वहीं भाषण प्रतियोगिता में विद्यार्थियों ने देश की विकास यात्रा, तकनीकी प्रगति तथा राष्ट्र के प्रति नागरिकों की जिम्मेदारियों पर अपने विचार प्रभावशाली ढंग से रखे।
कार्यक्रम का संचालन विद्यालय के प्राचार्य बी.एस. घरते के मार्गदर्शन में किया गया। आयोजन को सफल बनाने में कार्यक्रम संयोजक माधुरी चौकसे, नितेश मिश्रा एवं परमानंद टेमरे का विशेष योगदान रहा। विद्यार्थियों की प्रतिभा का निष्पक्ष मूल्यांकन करने के लिए निर्णायक मंडल का गठन किया गया, जिसमें सरिता चौधरी, निर्मला कुंजाम, संध्या कामदे, नितेश्वरी राहंगडाले एवं वंदना पुसाम ने निर्णायक की भूमिका निभाई।
‘सेवा संकल्प अभियान’ कार्यक्रम के प्रतिनिधि डॉ. धनीराम नागेश्वर की देखरेख में कार्यक्रम सुचारू रूप से संपन्न हुआ। उन्होंने आयोजन की व्यवस्थाओं का निरीक्षण करते हुए विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन किया।
इस अवसर पर प्राचार्य बी.एस. घरते ने सभी शिक्षक-शिक्षिकाओं एवं विद्यालय स्टाफ को आयोजन की सफलता पर बधाई दी। उन्होंने कहा कि इस प्रकार की प्रतियोगिताएं विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं। उन्होंने विद्यार्थियों को देश के विकास में अपनी प्रतिभा और क्षमताओं का उपयोग करते हुए योगदान देने का संकल्प दिलाया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *