(suryanshtimes)

https://yo
utu.be/Uqb9UQHbSQ8?si=LjfbKdn5UcbZM6IM

बालाघाट। सिविल कांट्रेक्टर एसोसिएशन ने मंगलवार, 8 सितंबर को प्रेस वार्ता आयोजित कर लोक निर्माण विभाग के कार्यपालन यंत्री के.के. सिंगारे के खिलाफ गंभीर आरोप लगाते हुए उन्हें तत्काल निलंबित करने और बालाघाट से हटाने की मांग की। एसोसिएशन ने मांग की कि उनका चेक पावर वापस लिया जाए, उन्हें कार्यालय से अटैच किया जाए तथा बालाघाट से हटाकर अन्य स्थान पर उनके मूल पद एसडीओ पर पदस्थ किया जाए। एसोसिएशन ने मामले की शिकायत प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) में करने की बात भी कही है।
प्रेस वार्ता के दौरान सिविल कांट्रेक्टर एसोसिएशन के जनरल सेक्रेटरी यूनुस खान ने आरोप लगाते हुए कहा कि कार्यपालन यंत्री के.के. सिंगारे के खिलाफ कार्रवाई की मांग को लेकर एसोसिएशन लगातार आवाज उठा रही है। उन्होंने कहा कि उन्हें तत्काल निलंबित करने के साथ ही उनका चेक पावर छीना जाए और उन्हें ऑफिस अटैच किया जाए। इसके अलावा बालाघाट से हटाकर अन्यत्र स्थान पर उनके मूल पद एसडीओ पर पदस्थ करने की मांग की गई है।
ईओडब्ल्यू की छापामार कार्रवाई का भी किया उल्लेख
यूनुस खान ने प्रेस वार्ता में बताया कि के.के. सिंगारे से जुड़े बालाघाट, छिंदवाड़ा और भोपाल स्थित अलग-अलग तीन स्थानों पर बीते दिनों आर्थिक अपराध प्रकोष्ठ (ईओडब्ल्यू) द्वारा छापामार कार्रवाई की गई थी। एसोसिएशन के पदाधिकारियों के अनुसार, कार्रवाई के दौरान करीब 11 करोड़ रुपये की संपत्ति का आंकलन किए जाने की जानकारी सामने आई है।
उन्होंने दावा किया कि यदि इन संपत्तियों का बाजार मूल्य के आधार पर आकलन किया जाए तो इसकी कीमत करीब 25 से 30 करोड़ रुपये के आसपास हो सकती है। हालांकि, संपत्ति के वास्तविक मूल्य और ईओडब्ल्यू की कार्रवाई से संबंधित अंतिम स्थिति जांच पूरी होने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।
ईडी में शिकायत करने की बात
एसोसिएशन के जनरल सेक्रेटरी यूनुस खान ने कहा कि मामले को लेकर संगठन द्वारा अब प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) में शिकायत किए जाने की तैयारी की जा रही है। उन्होंने कहा कि एसोसिएशन की मांग है कि पूरे मामले की निष्पक्ष जांच हो और यदि अनियमितता या भ्रष्टाचार के आरोप जांच में सही पाए जाते हैं तो संबंधित अधिकारी के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाए।
प्रेस वार्ता में एसोसिएशन के अध्यक्ष विजय गोस्वामी सहित अन्य पदाधिकारी एवं सदस्य उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *